मारवाड़ी समाज का गणगौर पूजा का भव्य समापन
-श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया पर्व
पूर्वी चंपारण,21 मार्च (हि.स.)। मारवाड़ी समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण गणगौर पूजा हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-सौभाग्य की कामना करते हुए गणगौर को भावभीनी विदाई दी।
पूरे कार्यक्रम में नवविवाहिताओं, सुहागिन महिलाओं एवं कुँवारी कन्याओं की विशेष सहभागिता रही। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर, मंगल गीतों के साथ अपने सिर पर गणगौर धारण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की।
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल की अध्यक्षा सोनू काबरा एवं प्रांतीय महिला एवं बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल ने बताया कि चैत्र बदी एकम से प्रारंभ हुई गणगौर पूजा का समापन चैत्र शुक्ल पक्ष तृतीया को शहर के श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर में विधिवत पूजन के बाद किया गया। तत्पश्चात शाम को बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकालते हुए पोखर में गणगौर का विसर्जन किया गया। करीब अठारह दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस मौके पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल शाखा की अध्यक्षा सोनू काबरा, महिला एवं प्रांतीय बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल, सचिव,संगीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संगीता रुंगटा, रचना रुंगटा अनुराधा शर्मा, शिप्रा सिकारिया, बबीता रुंगटा, बबली अग्रवाल, मधु अग्रवाल, मीना भरतिया, खुशबू भरतिया, शिल्पा भरतिया , सुमन अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, , सुनीता शाह, , ज्योति शर्मा, सरिता शर्मा, सारिका अग्रवाल एवं नीलम खेतान समेत सम्मेलन की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार