भीखूभाई दलसानिया को पुनः प्रदेश महामंत्री संगठन बनाए जाने पर संजय सरावगी ने दी बधाई
पटना, 24 सितंबर (हि.स.)। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा भीखूभाई दलसानिया को पुनः बिहार प्रदेश महामंत्री (संगठन) का दायित्व सौंपे जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि भीखूभाई दलसानिया का लंबा संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव और संगठन के प्रति समर्पण बिहार भाजपा की ताकत रहा है। उन्होंने कहा कि दलसानिया ने अपने कार्यकाल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भीखूभाई दलसानिया का कुशल मार्गदर्शन और व्यापक संगठनात्मक अनुभव निश्चित रूप से बिहार भाजपा को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। उनके पुनः महामंत्री (संगठन) का दायित्व संभालने से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का संचार होगा।
संजय सरावगी ने विश्वास व्यक्त किया कि दलसानिया के निरंतर मार्गदर्शन में बिहार भाजपा संगठनात्मक रूप से और सशक्त होगा तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज के सभी वर्गों तक पहुंचेगा।
उन्होंने उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त