भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी को लेकर अगरवा और रेगनिया गांव में छापेमारी

 


-91 बोरा खाद जब्त

पूर्वी चंपारण,07 अप्रैल (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में खाद तस्करी की सूचना पर सीमावर्ती बनकटवा प्रखंड के अगरवा और रेगनिया गांव में सोमवार को पूरी रात जिला प्रशासन की टीम सशस्त्र सीमा बल व स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की।अचानक हुई इस कार्रवाई में दोनों गांवों से अवैध तरीके से रखा गया 91 बोरा यूरिया खाद जब्त किया गया है। छापेमारी के दौरान उक्त दोनों गांव अगरवा और रेगनिया मे पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।छापेमारी का नेतृत्व जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह कर रहे थे।

उक्त कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई।छापेमारी टीम में सिकरहना एसडीएम विजय कुमार,अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राजू गुप्ता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामकुमार पासवान, जीतना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, कृषि निरीक्षक सुधीर कुमार के साथ-साथ एसएसबी कमाडेंट प्रफुल्ल कुमार व पुलिस के जवान शामिल थे।इस दौरान दोनों गांवों के अलग-अलग ठिकानों से कुल 91 बोरा यूरिया खाद जब्त किया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि कृषि निरीक्षक सुधीर कुमार को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। | मामले में अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए जीतना थाने में आवेदन दिया गया है।जब्त सभी खाद की बोरियों को विभाग ने बनकटवा श्री गणेश ट्रेडर्स को तत्काल सौंप दिया है।जांच में यह बात सामने आई है कि उक्त जब्त खाद तस्करी के ख्याल से रखा गया था।

बीएओ रामकुमार पासवान ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ जीतना थाने में प्राथमिकी की जा रही है। विभाग के स्तर पर लगातार खाद तस्करी की निगरानी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार