भागलपुर में होटल पर चला बुलडोजर
भागलपुर, 01 मई (हि.स.)। जिले में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसी क्रम में शहर के व्यस्त इलाके तिलकामांझी चौक स्थित रिमझिम होटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बुलडोजर चला दिया।
बताया जा रहा है कि रिमझिम होटल नगर निगम से 99 साल की लीज पर लिया गया था। हालांकि लीज की अवधि समाप्त हो जाने के बाद भी होटल संचालक द्वारा परिसर को खाली नहीं किया गया। कई बार नोटिस देने और चेतावनी के बावजूद जब होटल खाली नहीं हुआ तो आखिरकार मामला कोर्ट तक पहुंचा।
कोर्ट के आदेश के बाद आज नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान तीन थानों की पुलिस, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर घेर लिया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इसके बाद बुलडोजर की मदद से होटल के अवैध कब्जे वाले हिस्से को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि पुलिस बल की सतर्कता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि शहर में अवैध कब्जा और अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने सरकारी जमीन या लीज खत्म होने के बाद भी कब्जा कर रखा है, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर