भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व भैया दूज हर्षोल्लास के साथ मना
सुपौल, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भैया दूज का पर्व बुधवार को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्सवी माहौल रहा। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु होने की कामना की। इस अवसर पर भाइयों ने अपनी बहनों के घर पहुंचकर परंपरानुसार न्योता स्वीकार किया। बहनों ने भाइयों का स्वागत किया और उन्हें तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह जताया। भैया दूज को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली। मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। पर्व के अवसर पर दूर-दराज रहने वाले भाई भी अपनी बहनों से मिलने घर पहुंचे। इस तरह भैया दूज का पर्व जिलेभर में प्रेम, अपनापन और पारिवारिक रिश्तों की मिठास के साथ मनाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र