बैलगाड़ी और मंजूषा कला से सजेगी रामनवमी शोभायात्रा

 

भागलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भागलपुर में हिंदुत्व सेवा संघ परिवार के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा का आयोजन होने जा रहा है। 27 मार्च को निकलने वाली इस विशाल शोभायात्रा को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। शहर में इस आयोजन को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

संघ परिवार द्वारा बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई। बताया गया कि शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 1 बजे मायागंज अस्पताल चौक के समीप बड़ी खंजरपुर स्थित कालेश्वर धाम मंदिर प्रांगण से होगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में ही समाप्त होगी। इस बार की शोभायात्रा को विशेष रूप से आकर्षक और भव्य बनाने के लिए कई अनूठी तैयारियां की गई हैं। भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होगी, जिसकी अगुवाई मातृशक्ति द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही बजरंगबली की भव्य प्रतिमा, राम दरबार की झांकियां और सुसज्जित रथ भी शामिल होंगे, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। खास बात यह है कि इस बार शोभायात्रा में किसानों और ग्रामीण संस्कृति को भी प्रमुखता दी गई है। पारंपरिक मंजूषा पेंटिंग से सजी बैलगाड़ियों को यात्रा में शामिल किया जाएगा, जिससे भागलपुर की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा।सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस आयोजन का अहम हिस्सा होंगे।

महाराष्ट्र से आए नगाड़ा दल, पंजाब का भांगड़ा ग्रुप और वाराणसी की टीम द्वारा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। पूरे शहर में भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। पिछले 15 दिनों से हिंदुत्व सेवा संघ परिवार के कार्यकर्ता शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। अब तक एक लाख भगवा झंडों का वितरण किया जा चुका है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को भगवा ध्वज, आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सजाया जा रहा है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।प्रशासन और पुलिस द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम के समापन के बाद कालेश्वर धाम मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्टेशन चौक और बूढ़ानाथ चौक पर भगवान श्रीराम की महाआरती भी आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष सोनू सम्राट, नीलकमल, समाजसेवी विजय कुमार यादव, सिंटू कुमार, अजीत कुमार, अंकित कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं कर्मठ कार्यकर्ता आर्यन सिंह प्रिंस कुमार के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर