बैंकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के लिए उप विकास आयुक्त ने दिए निर्देश
सारण, 25 मार्च (हि.स.)। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में आज आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले के आर्थिक विकास और बैंकिंग सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपविकास आयुक्त ने साख सृजन में वृद्धि कर सीडी रेशियो में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए। 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हुई तिमाही में जिले का सकल साख जमा अनुपात मात्र 44.07% पाया गया, जिस पर उपविकास आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने सभी बैंकों को हिदायत दी कि अधिक से अधिक ऋण सृजन कर इस अनुपात को बढ़ाया जाए। समीक्षा में पाया गया कि जिले के बैंकों ने वार्षिक क्रेडिट प्लान का लगभग 46% लक्ष्य हासिल कर लिया है। जिन बैंकों का प्रदर्शन निराशाजनक है, उन्हें चालू तिमाही में आशातीत प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई, जिसमें शिशु, किशोर, तरुण और तरुण प्लस श्रेणियों में हजारों लाभार्थियों को करोड़ों रुपये का ऋण वितरित किया गया। हालांकि केसीसी के प्रति बैंकों की उदासीनता पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने बैंकों को नए आवेदन स्वीकृत करने और पुराने ऋणों के नवीनीकरण में तेजी लाने को कहा। बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक और नाबार्ड के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार