फुटपाथी दूकानदारो ने नगर परिषद कार्यालय पर किया प्रदर्शन
पूर्वी चंपारण,26 फ़रवरी (हि.स.)। रक्सौल नगर परिषद की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के मकसद से नगर परिषद की टीम रोज शहर के मुख्य सड़क से अतिक्रमण हटा रही है। इन सब के बीच गुरूवार को नगर परिषद क्षेत्र में फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं ने प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शन करने वालों का कहना है कि नगर परिषद को यहां वेडिंग जोन की व्यवस्था करनी चाहिए। हमलोगों को अपनी दुकान लगाने के लिए जगह दिया जाए तो हमलोग सड़क पर दुकान नहीं लगायेगें। प्रदर्शनकारियों का कहना था रेलवे की जमीन में दुकान लगाने की बात कहीं गई थी, लेकिन वहां दुकान लगाने पर रेलवे के द्वारा प्राथमिकी करने की बात कहीं जा रही है। त्योहार का मौसम है, ऐसे में रोज-रोज परेशानी होने के कारण हमलोगों के सामने आजीविका की समस्या आ रही है। हमलोग प्रशासन से यह मांग करने आए है कि फुटपाथ पर दुकान लगाने के जगह कोई निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाए।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) डॉ मनीष कुमार ने कहा कि नियम पूर्वक कार्रवाई किया जाएगा, अवैध रूप से सड़क के बीच डिवाइडर पर सामान बेच रहे अतिक्रमणकारियों पर कारवाई किया जाएगा। कोई दुकानदार अपना दुकान नाला से पीछे लगाता हैं, तो नगर परिषद भी उसका मदद करेगा। सड़क पर अवैध रूप से लोग गाड़ी एवं मोटर साइकिल पार्किंग कर रहे हैं। वे लोग अपना गाड़ी निर्धारित पार्किंग में लगाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार