फारबिसगंज केमिस्टस एंड ड्रगिस्टस एसोसिएशन का संगठनात्मक चुनाव 5 अप्रैल को
अररिया, 26 दिसम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज के दवा कारोबारियों का संगठन फारबिसगंज केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का त्रिवार्षिक चुनाव आगामी 5 अप्रैल को होगा।
जानकारी देते हुए संघ के संरक्षक विनोद सरावगी ने बताया की आगामी सत्र 2026- 2029 के लिए संघ के संगठनात्मक चुनाव को आगामी 5 अप्रैल 2026 को कराए जाने का निर्णय संघ की कोर कमेटी की शुक्रवार की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है।संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार साह की अध्यक्षता में स्थानीय एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में शुक्रवार को संपन्न हुई बैठक में संघ के सचिव मनोज भारती,कोषाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता,संगठन सचिव कुंदन कुमार,उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण सोनु,संयुक्त सचिव मुकेश जायसवाल,प्रशासनिक सचिव राकेश रौशन,शाखा समन्वयक गणेश यादव,प्रांतीय कार्यकारिणी समिति सदस्य दीपक शर्मा, विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में मो. इम्तियाज,अमरेंद्र नारायण प्रसाद,जुबेर आलम,घनश्याम जायसवाल,मो.नौशाद आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
बैठक में लिए गए सर्वसम्मति निर्णय के अनुसार आगामी त्रिवार्षिक सत्र के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष एवं संगठन सचिव पद के लिए 5 अप्रैल को चुनाव कराया जाएगा और उसी दिन संघ की आमसभा भी होगी। संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार साह एवं सचिव मनोज भारती ने बताया की चुनाव राज्य स्तरीय संगठन बिहार केमिस्टस एंड ड्रगिस्टस एसोसिएशन एंड द्वारा निर्मित संविधान की धाराओं के अंतर्गत प्रदेश द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों के देखरेख में संपन्न होगा।चुनाव संचालन समिति की घोषणा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पूर्व कर दी जाएगी। इस बीच दवा व्यवसाईयों की सदस्यता का नवीकरण तथा नए सदस्य बनाए जाने की प्रक्रिया को गति प्रदान की जाएगी।उन्होंने बताया कि वर्तमान में एसोसिएशन में करीबन आठ सौ सदस्य हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर