प्रभारी मंत्री ने पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का किया शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण पर बल
नवादा, 28 जून (हि.स.)। बिहार सरकार की अभिनव पहल के अंतर्गत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस के अवसर पर अकबरपुर प्रखंड के माखर पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मल लघु जल संसाधन विभाग सह-नवादा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में भाग लेते हुए ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया तथा पंचायतों को विकास की धुरी बताते हुए जनसहभागिता को और सशक्त बनाने पर बल दिया। मौके पर हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण में उपस्थित थे।
इस बार पंचायत विकास दिवस की थीम महिला हितैषी ग्राम पंचायत रखी गई थी। इसी के अनुरूप आयोजित ग्राम सभा में महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया तथा पंचायत स्तर पर महिलाओं की भूमिका को और प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव भी दिए।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंचायत विकास दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रभावी मंच है।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में लिए गए निर्णय गांव के विकास की दिशा तय करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करने तथा सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन