पोषण माह के समापन पर कुपोषण मुक्त समाज बनाने का संकल्प

 


नवादा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ गुरुवार को नरहट बाल विकास परियोजना में पोषण माह का समापन हुआ।

नौ सितंबर से आठ अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुशीला धान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका माधवी कुमारी, सुनीता कुमारी, प्रखंड समन्वयक सोनू कुमार एवं विशाल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर सीडीपीओ सुशीला धान ने सेविकाओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त समाज की स्थापना करना हम सभी का परम कर्तव्य है। इसके लिए एक माह तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज ही समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। इसके लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। वहीं, महिला पर्यवेक्षिका माधवी कुमारी ने कहा कि पोषण अभियान के तहत गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।

इसका उद्देश्य ग्रामीणों को संतुलित आहार और बेहतर पोषण के महत्व से अवगत कराना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कुपोषण मुक्त समाज बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन