पुलिस सप्ताह को लेकर यातायात जागरूकता कार्यशाला आयोजित

 


भागलपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में 22 फरवरी से 27 फरवरी तक मनाए जा रहे पुलिस सप्ताह के तहत पहले दिन रविवार को समीक्षा भवन में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग बेहद जरूरी है। इस दौरान डेमो के माध्यम से यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति की सड़क दुर्घटना हो जाती है तो उसे तुरंत किस प्रकार सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने सड़क पर पैदल चलकर आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस सप्ताह के इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर