पुलिस सप्ताह को लेकर नशा विरोधी जागरूकता दौड़ आयोजित

 


भागलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। पूरे बिहार में मनाए जा रहे पुलिस सप्ताह के अंतर्गत भागलपुर में सोमवार को नशा के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कड़ी में ललमटिया पुलिस प्रशिक्षण केंद्र से पुलिस केंद्र भागलपुर तक 10 किलोमीटर लंबी जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी, जवान और प्रशिक्षु सिपाहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। दौड़ के दौरान पुलिस कर्मियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को संदेश दिया।

एसएसपी ने बताया कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। खासकर युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना भी है। पुलिस सप्ताह के अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनसंवाद शामिल हैं।

ललमटिया पुलिस प्रशिक्षण केंद्र से शुरू हुई यह दौड़ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस केंद्र भागलपुर पहुंची। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। कई स्थानों पर लोगों ने तालियां बजाकर और पुष्प वर्षा कर दौड़ में शामिल जवानों का स्वागत किया। प्रशिक्षु सिपाहियों ने भी पूरे जोश और अनुशासन के साथ 10 किलोमीटर की लंबी दौड़ पूरी की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस के साथ-साथ आम जनता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर प्रयास करें तो नशे जैसी बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। पुलिस सप्ताह के तहत चलाए जा रहे इस अभियान से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की शांति को भी प्रभावित करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और यदि कहीं अवैध नशीले पदार्थों की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर