परसरमा में राधे कृष्णा क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज, विजेता टीम को मिलेगी हीरो एक्सट्रीम 125 सीसी बाइक

 


सुपौल, 10 जून (हि.स.)। सदर प्रखंड के परसरमा गांव स्थित कोहली मैदान में राधे कृष्णा क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज हो गया है। 9 जून से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट 14 जून को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगा।

टी-10 प्रारूप में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।टूर्नामेंट के दूसरे दिन प्रतापगंज और सुपौल के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच का उद्घाटन युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और दो गेंद खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

आयोजन समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।अपने संबोधन में लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल प्रतिभा को निखारता है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

आयोजन समिति के सदस्य नंदन कुमार सिंह ने बताया कि 14 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप हीरो एक्सट्रीम 125 सीसी बाइक दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को हीरो एचएफ डीलक्स बाइक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचकर मैचों का आनंद ले रहे हैं और अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र