पथ निर्माण मंत्री, डीएम और एसपी ने तटबंध का लिया जायजा
भागलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर जिले के परबत्ता थाना अंतर्गत राघोपुर गंगा क्षेत्र में तटबंध टूटने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने शनिवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई कुमार शैलेन्द्र, भागलपुर के जिलाधिकारी (डीएम) और नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से प्रभावित स्थल का दौरा किया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत और कटाव की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। दौरे के दौरान पथ निर्माण मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ और कटाव की गंभीरता को देखते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए और राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौके पर मौजूद डीएम ने जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन को तटबंध की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू करने का निर्देश दिया ताकि बाढ़ के पानी को रिहायशी इलाकों में फैलने से रोका जा सके। वहीं, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) खुद लगातार क्षेत्र में तत्परता और सक्रियता के साथ स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस बल को प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने मातहत अधिकारियों से कहा कि वे स्थानीय ग्रामीणों के संपर्क में रहें ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। प्रशासनिक टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को ढाढस बंधाया और आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है और हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर