नीतीश कुमार के शासन व्यवस्था को अक्षुण्ण रखेगी मौजूदा एनडीए सरकार: शम्भू नाथ सिन्हा
पटना, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता शम्भू नाथ सिन्हा ने बुधवार काे जारी बयान में दावा किया कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में जिस शासन व्यवस्था को स्थापित किया था, वर्तमान एनडीए सरकार उसे पूरी मुस्तैदी से आगे बढ़ा रही है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने एक ऐसा दौर भी देखा है जब राष्ट्रीय जनता दल के शासन में अपराधी अपराध करने के बाद मुख्यमंत्री आवास में शरण लेते थे। आज के दौर में किसी भी छोटे बड़े अपराध के बाद सरकार त्वरित कार्रवाई करती है और अपराधी चाहे कितना भी ताकतवर हों, वो पकड़े जाते हैं और उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी तक कई घटनाओं में पकडे़ गए अपराधियों की पृष्ठभूमि और उनके राजनैतिक संरक्षण को सरकार अगर सार्वजानिक कर दे तो विपक्ष बेनकाब हो जाएगा। पूरा बिहार जनता है कि बालू, शराब और जमीन के अवैध धंधे में शामिल लोगों को कहां से ताकत मिलती है और वो किस पार्टी का झंडा उठाते हैं।
आज बिहार में ज्यादातर अपराध इन्हीं सेक्टरों में हो रहा है, जो एनडीए सरकार को बदनाम करने की एक गहरी साजिश है। ऐसे लोगों पर सरकार की पैनी नजर है और वो ऐसे तत्वों से सख्ती से निबटने का काम करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी