निर्मली में खाद वितरण व्यवस्था पर सख्ती, निर्धारित दर से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
सुपौल, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के निर्मली अनुमंडल स्थित कृषि कार्यालय में बुधवार को उर्वरक (खाद) की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खुदरा खाद विक्रेताओं के साथ कृषि विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य किसानों को समय पर, पारदर्शी और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना था।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुमंडल कृषि पदाधिकारी गोपाल कुमार ने सभी खाद विक्रेताओं को सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक की बिक्री नहीं की जाएगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि प्रत्येक किसान को खाद बिक्री के समय अनिवार्य रूप से रसीद उपलब्ध कराई जाए। बिना रसीद के उर्वरक वितरण नहीं किया जाएगा, ताकि शिकायतों और विवाद की स्थिति से बचा जा सके।बटाई पर खेती करने वाले किसानों के लिए भी अलग दिशा-निर्देश जारी किए गए। ऐसे किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए संबंधित भूमि स्वामी से लिखित सहमति पत्र अथवा प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
बैठक के अंत में सभी खाद विक्रेताओं से सरकार के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए किसानों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की अपील की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र