निमर्ली के हरि प्रसाद साह महाविद्यालय में 12-13 अगस्त को अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता
सुपौल, 11 अगस्त (हि.स.)। हरि प्रसाद साह महाविद्यालय, निमर्ली में अंतरमहाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 12 और 13 अगस्त को किया जाएगा। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों के पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी शतरंज की बिसात पर अपनी एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के लिए खेल संबंधी आवश्यक सुविधाओं के साथ अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उपेंद्र पंडित ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल से एकाग्रता, धैर्य, तार्किक चिंतन और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी डॉ. कृष्ण चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को नियमानुसार सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ दूसरे महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों के साथ संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र