नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने उठाया कदम, सूचना देने वाले को मिलेगा 1100 रुपये इनाम

 


सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी पंचायत के देवीपट्टी-बथनाहा गांव में ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर बड़ी पहल शुरू की है। रमजानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में पंचायत की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया।बैठक की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि कारी प्रसाद यादव और सूर्यनारायण यादव ने की। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि बबलू कुमार यादव सहित कई ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि शराब, स्मैक, गांजा और सूई जैसे नशीले पदार्थों के कारण युवाओं और उनके परिवारों पर गंभीर सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है।

बैठक में तय किया गया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को 1100 रुपये नकद इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। वहीं नशा बेचते पकड़े जाने पर कारोबारी पर 51 हजार रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। नशा करने वालों पर भी 2500 रुपये जुर्माना लगाने की बात कही गई।

ग्रामीणों ने लगातार जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया। साथ ही गांव में नशे के कारोबार पर नजर रखने और इसकी सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की गई। बैठक में तीनों वार्डों—9, 10 और 11—के घरों से बुजुर्ग अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास जारी रखने का निर्णय लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र