नए प्रयोगों से किसानों को मिल रहा लाभ: कृषि मंत्री

 


भागलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय में 17वां स्थापना दिवस बुधवार को पूरे उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने वर्चुअल माध्यम से किया और विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार रहे। कार्यक्रम में भागलपुर सांसद अजय मंडल, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश शुड्डू साईं समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद, प्रगतिशील किसान, पूर्व छात्र और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।

अपने संबोधन में कृषि मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्ष 2010 में स्थापित बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में पिछले 16 वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय लगातार नए-नए प्रयोग कर किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध करा रहा है। जिससे किसानों की आय और उत्पादन दोनों में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कृषि रोडमैप के तहत लगातार काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि कृषि उत्पादन के क्षेत्र में बिहार ने कई नई उपलब्धियां हासिल की हैं और धान एवं दलहन उत्पादन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर