दिव्यांगजनों से जुड़े 78 आवेदनों की हुई स्क्रीनिंग

 




सुपौल, 03 सितंबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला स्तर पर जिला स्क्रीनिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने की।

बैठक में सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, सुपौल दिवेश कुमार शर्मा, सिविल सर्जन, सुपौल, रेड क्रॉस सोसाइटी, सुपौल के अध्यक्ष सहित समिति के संबंधित सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान दिव्यांगजनों से संबंधित कुल 78 प्राप्त आवेदनों एवं पात्र लाभुकों के मामलों की स्क्रीनिंग एवं समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने लाभुकों की पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण किया। इसके बाद पात्र लाभुकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और नियमानुसार उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की ओर से बताया गया कि दिव्यांगजनों के कल्याण तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। समिति की स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र