दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

 


सुपौल, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर मंगलवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में महावीर चौक पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, गुलाल लगाकर तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथ में होती है और दतिया उपचुनाव का परिणाम इसका स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिहार ने हमेशा देश और दुनिया को लोकतंत्र का संदेश दिया है, वहीं मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण शक्तिपीठ दतिया से आए इस जनादेश ने यह साबित कर दिया है कि जनता ही सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि यह जीत केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनता की जीत है। जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अंतिम निर्णय जनता का होता है। उन्होंने आगे कहा कि यह तो बदलाव की शुरुआत है और आने वाले समय में देश की राजनीति में बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए और एक-दूसरे को बधाई दी।

इस मौके पर शिव ठाकुर, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, आजाद, उमेश कुमार, लखन कुमार सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र