ताजपुर नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न

 


समस्तीपुर, 30 मई (हि.स.)। ताजपुर नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। इस बार किसी तरह की चुनावी प्रतिद्वंदिता देखने को नहीं मिली. समिति के लिए नामांकन करने वाले तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। तीनो उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी की पृष्ठभूमि से आते हैं।

चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई और नगर परिषद के सभी पार्षद इसमें शामिल हुए।

सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पद के लिए माधव कर्मशील, संजय दास और कृति प्रिया ने अपना नामांकन दाखिल किया था कृति प्रिया क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की चाची भी हैं।

नामांकन की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने तक इनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने तीनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। चुनाव की पूरी प्रक्रिया सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि भूषण की निगरानी में संपन्न हुई। नगर परिषद के सभी 27 वार्ड पार्षद इस दौरान मौजूद रहे।

चुनाव के दौरान किसी प्रकार की विवाद या आपत्ति की स्थिति सामने नहीं आई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद चुनाव पर्यवेक्षक सह अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण-पत्र सौंपा। साथ ही उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी आरती कुमारी भी मौजूद रहीं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर परिषद की मुख्य पार्षद अनिता कुमारी, उप मुख्य पार्षद पूनम देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि सशक्त स्थायी समिति के सदस्य नगर परिषद के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी चुने गए उम्मीदवारों को भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील चौबे ने बधाई भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय