ड्यूटी के दौरान नशे में मिला बिजलीकर्मी, गिरफ्तार

 


किशनगंज, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के बहादुरगंज प्रखंड स्थित एलआरपी चौक पावर हाउस में ड्यूटी के दौरान एक बिजलीकर्मी के शराब के नशे में पाए जाने का मामला सामने आया। स्थानीय विधायक तौसीफ आलम की सूचना पर बहादुरगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित कर्मचारी को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपित कर्मचारी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार विधायक तौसीफ आलम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं की समीक्षा के लिए एलआरपी चौक पावर हाउस पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर एक कर्मचारी पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ के दौरान विधायक को कर्मचारी के नशे में होने का संदेह हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल बहादुरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पावर हाउस पहुंची और संबंधित कर्मचारी को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।

जांच रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद कुछ देर तक पावर हाउस परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सरकारी कार्यालयों एवं महत्वपूर्ण संस्थानों में नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बहादुरगंज थाना पुलिस ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह