जिले में 18 हजार से अधिक सिलेंडर उपलब्ध, कंट्रोल रूम में आ रही शिकायत
गोपालगंज, 21 मार्च (हि.स.)। गोपालगंज जिले में गैस आपूर्ति को जिला प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बता हुए शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के प्रबंधकों ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि जिले में गैस का कोई संकट नहीं है और सभी एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति जारी है।
जिला अधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि इंडियन ऑयल के तहत जिले में कुल 26 विक्रेता कार्यरत हैं, जिनके पास वर्तमान में 7513 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं भारत पेट्रोलियम के 8 थोक विक्रेताओं के पास 4632 सिलेंडर मौजूद हैं। इसके अलावा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 12 थोक विक्रेताओं के पास 6218 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस प्रकार जिले में कुल 18363 गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम प्रति सिलेंडर) का स्टॉक मौजूद है, जो उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त बताया गया है। उन्होंने ने यह भी माना कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है, खासकर मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे तनावपूर्ण हालात के कारण। हालांकि, इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इस कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 06156-227007, 227507, 227508, 227509 और 227510 जारी किए गए हैं, जिन पर लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।अनुमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज और हथुआ के नेतृत्व में पूरी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी एजेंसियां डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचा रही हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra