जन्माष्टमी को लेकर बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनोरम रूप धारण कर दिया संदेश

 


सुपौल, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर निर्मली स्थित ग्लोबल नॉलेज पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनोरम रूप धारण कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, मनमोहक प्रस्तुतियों और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के निर्देशक संदीप कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश देने वाला उत्सव है।

उन्होंने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा, कृष्ण, गोप-गोपियों सहित विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, माखन चोरी और रासलीला से जुड़े प्रसंगों का भी सुंदर प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर अभिभावकों एवं शिक्षकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को जन्माष्टमी के महत्व की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र