छात्राओं की सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था का लिया जायजा
सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय, रामनगर, पिपरा का शनिवार को जिला कल्याण पदाधिकारी (बीसी एवं ईबीसी), जिला परियोजना प्रबंधक तथा विद्यालय नोडल पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय एवं मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता का जायजा लेना तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना था।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, छात्रावास व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, पेयजल, सुरक्षा, अनुशासन सहित छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं से शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्राओं की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से भी सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने और विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जीविका के बीपीएम, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र