छातापुर में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, विधायक नीरज बबलू ने कहा- शिक्षा से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य
सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड मुख्यालय में राजकीय डिग्री कॉलेज का विधिवत शुभारंभ आज किया गया। मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन के उपरांत स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने दीप प्रज्वलित कर कॉलेज का उद्घाटन किया तथा प्रशासनिक भवन का फीता काटकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। बिहार सरकार की ओर से उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यभर में एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया गया, जिसमें छातापुर का यह कॉलेज भी शामिल है।
माैके पर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करना संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से कॉलेज भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित युवा ही समाज और राज्य का भविष्य तय करेंगे। उन्होंने पढ़ेगा बिहार, बढ़ेगा बिहार और उन्नत शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य का संदेश भी दिया।
विधायक ने कॉलेज की स्थापना से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के अनुसार कॉलेज प्रखंड मुख्यालय में स्थापित होना था, लेकिन कुछ लोगों के प्रयास से इसे मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर अररिया सीमा के समीप स्वीकृत करा दिया गया था। क्षेत्रवासियों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने विभागीय मंत्री से मुलाकात कर स्थान परिवर्तन कराया और कॉलेज को पुनः प्रखंड मुख्यालय में स्थापित कराने की स्वीकृति दिलाई। उन्होंने बताया कि स्थायी भवन निर्माण के लिए कृषि विभाग की ओर से पांच एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
समारोह में मौजूद त्रिवेणीगंज के एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि सरकार की दूरदर्शी पहल से अब ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा को नया विस्तार मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र