छपरा में क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता संपन्न
सारण, 02 अगस्त (हि.स.)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर के प्रांगण में क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2026 का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सारण जिला कला-संस्कृति व खेल पदाधिकारी विभा भारती, विभाग संचालक विजय कुमार सिंह, सिवान विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम, अध्यक्ष डॉ अमरनाथ प्रसाद, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह एवं प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में क्षेत्रीय खेल पदाधिकारी रवि रंजन, उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार मिश्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का निष्पक्ष संचालन अभय प्रकाश, प्रियांशु, अनन्त कुमार, नेहा कुमारी और सौरभ कुमार की निर्णायक टीम ने किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, 17 एवं 19 वर्ग की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा की कोमल सिंह (40 किग्रा), श्वेता सिंह (45 किग्रा), सलोनी कुमारी (49 किग्रा), स्वस्तिका राय (53 किग्रा), परिधि कुमारी (57 किग्रा) और साक्षी (77 किग्रा) ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नैंसी सिंह (49 किग्रा) द्वितीय रहीं।
अंडर-17 वर्ग में छपरा की अनन्या शर्मा (45 किग्रा), सुहानी (49 किग्रा), सलोनी कुमारी (53 किग्रा), जीविका कुमारी (57 किग्रा) तथा अनन्या जायसवाल (90 किग्रा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अनन्या कुमारी (49 किग्रा) द्वितीय रहीं। इसी वर्ग में सादतपुर, मुजफ्फरपुर की इशिका कुमारी (49 किग्रा) तृतीय, नीतिका कुमारी (53 किग्रा) द्वितीय और रुचि कुमारी (77 किग्रा) प्रथम स्थान पर रहीं। अंडर-19 वर्ग के 53 किग्रा भार वर्ग में छपरा कि राजनंदनी ने स्वर्ण पदक जीता।
अतिथियों ने विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का विकास करते हैं। अंत में सिवान विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार