छपरा में 36 परीक्षा केंद्रों पर होगी सिपाही भर्ती परीक्षा

 










सारण, 22 जून (हि.स.)। केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित विशेष शाखा में सिपाही तथा बिहार पुलिस दूरसंचार वितन्तु एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही प्रचालक के पदों पर चयन हेतु लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

सोमवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, में सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

आगामी 24 जून को विशेष शाखा में सिपाही पद के लिए आयोजित परीक्षा में जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8,404 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा एकल पाली में होगी, जिसमें प्रथम प्रश्न पत्र प्रातः 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न पत्र दोपहर 12:00 बजे से 01:30 बजे तक होगा। वहीं, 28 जून 2026 को सिपाही प्रचालक पद के लिए परीक्षा जिले के 20 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 10,464 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसका समय दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक निर्धारित है।

परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए हर केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा जोनल और उड़नदस्ता दंडाधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करेंगे।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी तैनात अधिकारियों को समय पर योगदान देने और केंद्रीय चयन पर्षद के नियमों का अक्षरशः अनुपालन करने का सख्त निर्देश दिया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से लाइव निगरानी, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और जैमर की व्यवस्था रहेगी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है। अधिकारियों को आपसी समन्वय से स्वच्छ व शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार