चौघारा में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प, भगैत महासभा ने ली नशे के खिलाफ शपथ

 




सुपौल, 09 अगस्त (हि.स.)। सदर प्रखंड के चौघारा पंचायत भवन परिसर में रविवार को अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के तत्वावधान में ‘नशामुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा धर्मराज के जयघोष के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्षिक सभापति घिनाय यादव ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महासभा के प्रवक्ता सह संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि नशा मानव सभ्यता का सबसे बड़ा शत्रु है। यह एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को अंदर से खोखला कर देता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी शराब, गांजा, भांग, अफीम, जर्दा, गुटखा, तंबाकू, चरस, स्मैक, कोकीन, ब्राउन शुगर, बीड़ी और सिगरेट जैसे नशीले पदार्थों की गिरफ्त में आ रही है। इससे युवाओं की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता प्रभावित हो रही है और परिवार तथा समाज पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है।

डॉ. अमन कुमार ने कहा कि नशा एक सामाजिक अभिशाप है। इसके कारण व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होने के साथ-साथ अपराध, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक समस्याओं को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि न खुद नशा करें और न ही दूसरों को नशे के सेवन के लिए प्रेरित करें। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सामाजिक स्तर पर जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नशे के कारण शरीर के विभिन्न अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। शराब के अत्यधिक सेवन से लीवर संबंधी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, जबकि तंबाकू और गुटखा का सेवन मुंह के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि “नशा नाश की जड़ है और नशे का धंधा छोड़ो, इज्जत का रिश्ता जोड़ो” जैसे संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

डॉ. अमन ने कहा कि नशामुक्त परिवार, खुशहाल संसार और नशामुक्त युवा भारत की शान हैं। नशामुक्ति केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का धर्म है।

उन्होंने भगैत गायकों से भी लोकगाथा और गीतों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भगैत महासभा से जुड़े सदस्यों और उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक जागरूकता, परिवार की भूमिका और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर महासभा के उपाध्यक्ष अनंतलाल यादव, सचिव परमेश्वरी प्रसाद, लक्ष्मी यादव, रघुनंदन यादव, रामचंद्र यादव, जीतन यादव, छुतहरू भगत, यदुनंदन यादव, खट्टर यादव, श्याम पंजियार, दिपेन पंजियार, कपिलदेव पंजियार, शिवन यादव, उमेश मेहता, महेंद्र पासवान, शंभू यादव, कृष्ण कुमार, फुलेन्द्र यादव, सुमित कुमार भारती, गणेश यादव, उपेंद्र पंजियार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र