खाद व गैस एजेंसियों पर प्रशासन सख्त, एसडीएम-एसडीपीओ का संयुक्त निरीक्षण

 




सुपौल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल मुख्यालय में बुधवार को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त नजर आया।

अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विभाष कुमार ने संयुक्त रूप से खाद होलसेलर मेसर्स अरुण कुमार अग्रवाल तथा एचपी सुमित्रा गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री पंजी, भंडारण व्यवस्था और वितरण प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गैस एजेंसी के निरीक्षण के क्रम में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति, बुकिंग व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और रिकॉर्ड का भी जायजा लिया गया। एसडीएम ने एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी खाद या गैस वितरण में गड़बड़ी नजर आए तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बाजार में अन्य कारोबारियों के बीच भी व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर सतर्कता देखी जा रही

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र