कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव: 23 अक्टूबर को होगा मतदान; मधेपुरा में 9,678 मतदाता करेंगे वोटिंग
मधेपुरा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी के उल्लास के बीच कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी तेज है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बुधवार को प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आज शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क और मतदाताओं से मतदान की अपील पर जोर देंगे।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होना निर्धारित है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
मधेपुरा में 9,678 मतदाता, 14 मतदान केंद्र
मधेपुरा जिले में कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए कुल 9,678 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में मतदान के लिए 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, पूरे कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,34,073 मतदाता हैं और 181 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई जाएगी।
15 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
इस चुनाव में कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. एन.के. यादव, जन सुराज के रजनीश रंजन, राजद के नीतेश यादव, कांग्रेस के मनोज जायसवाल और आम आदमी पार्टी के डॉ. मैथ्यू एन. देव शामिल हैं। इसके अलावा अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं।
इस चुनाव में मधेपुरा की डॉ. वंदना कुमारी भी प्रत्याशी हैं। वह चुनाव मैदान में उतरी एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
विजयादशमी के अवसर पर जहां पूजा-पंडालों और मेले में लोगों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर चुनावी माहौल भी गर्म है। प्रत्याशी स्नातक मतदाताओं से लगातार संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।
प्रशासन के सामने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने की जिम्मेदारी है। मतदान के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट होगी और प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar