कोसी बांध के भीतर रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार : कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार

 




सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय, सुपौल में शनिवार को कोसी आपदा एवं बांध के भीतर रहने वाले लोगों की समस्याओं को लेकर जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनुपम कुमार ने की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने कोसी क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार ने कहा कि कोसी बांध के भीतर रहने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन राज्य सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हुई है। हर वर्ष बाढ़, कटाव और जलजमाव जैसी आपदाओं का सामना करने वाले लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से बांध के भीतर बसे लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवागमन, राहत एवं पुनर्वास जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव आज भी बना हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बांध के भीतर रहने वाले लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और आवागमन की सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।

जनसुनवाई के दौरान कोसी आपदा से प्रभावित लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं और परेशानियों से जिलाध्यक्ष को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बाढ़, कटाव, आवागमन में कठिनाई, चिकित्सा सुविधाओं की कमी तथा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने जैसे मुद्दे उठाए। कांग्रेस नेताओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार ने कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को और मजबूती से उठाते हुए आंदोलन करेगी।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार झा, नरेश मिश्रा, मोहम्मद तनवीर, सुशील यादव, प्रेमनाथ झा, ललित कामत, चुनचुन सिंह, मरौना प्रखंड अध्यक्ष शत्रुघ्न चौधरी सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। बैठक में सभी ने कोसी क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र