कोटवा के युवक की तमिलनाडु में बिजली की चपेट में आने से मौत
पूर्वी चंपारण,25 मई (हि.स.)। जिले के कोटवा थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा पंचायत के नन्हकार वार्ड नंबर -7 के एक युवक की तमिलनाडु में बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ज्योंहि उसका शव लेकर एंबुलेंस गांव में पहुंचा, परिजनों में चीख पुकार मच गई।
पत्नी, मां और पिता का रो रो कर बुरा हाल था। गांव में मानो मातमी सन्नाटा छा गया।
घटना के संबंध में बताया गया है कि नन्हकार निवासी राम विनय दास का 26 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार दास अपने परिवार के भरण पोषण करने के लिए तमिलनाडु के तिरुचि जिला के तबराम कूची में पेंटर का काम करता था। 21 मई गुरुवार को एक मकान के छज्जा पर पेंट कर रहा था। इसी दौरान घर के बगल से गुजरे 11 हजार वोल्ट की विद्युत तार के चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव में सूचना पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पूरा गांव उस वक्त भाव विह्वल हो गया जब मृतक का 4 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान अंतिम संस्कार में शामिल एक-एक व्यक्ति की आंखे नम दिखी। लोग इस हृदय विदारक दृश्य को देख अपने आसूं रोक नहीं पाए।
स्थानीय विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह भी मौके पर पहुंच कर परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।
घटना के संबंध में मच्छरगांवा पंचायत के स्थानीय मुखिया पूनम देवी एवं उनके पति अनिल सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार की हर संभव मदद देने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार