कैलाशपुरी में नागपंचमी की तैयारी पूरी, उमड़ेगा आस्था का सैलाब

 


सुपौल, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के पथरा उत्तर पंचायत स्थित जोल्हनियां वार्ड संख्या-3 के प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला स्थल पर नागपंचमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर माता बिषहरी एवं शिव-पार्वती मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, रोशनी, साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मेला समिति के उपाध्यक्ष सह पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार, पुअनि राजीव सिंह, पुअनि जयप्रकाश सिंह सहित पुलिस बल ने मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

मेला समिति के सचिव सुनील कुमार ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर कैलाशपुरी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की परंपरा रही है। श्रद्धालु माता बिषहरी को दूध और लावा चढ़ाकर पूजा-अर्चना करते हैं। सुपौल के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि मेला परिसर में दुकानदारों के लिए चिन्हित स्थान निर्धारित किए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए हलुआ-पूरी और सब्जी का लंगर भी लगाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मेला समिति और प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ मेला परिसर में विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। मौके पर सदानंद साह, महेश पासवान, लाल पासवान, श्रवण मंडल, राजकुमार चौधरी, अरुण प्रसाद मंडल, मो. मेहदी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र