के. नगर प्रखंड कार्यालय में विजिलेंस का छापा, रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
पूर्णिया, 01 जून (हि.स.)। पूर्णिया के के.नगर प्रखंड कार्यालय में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी रूपक कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर दाखिल-खारिज (मोटेशन) के एक मामले को निपटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर प्रखंड के चनका पंचायत वार्ड संख्या-10 निवासी उमेश कुमार महतो ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी के नाम दर्ज 4 डिसमिल 35 धूर जमीन के मोटेशन के लिए 2 मई को आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ाया गया और राजस्व कर्मचारी लगातार उन्हें कार्यालय के चक्कर लगवाता रहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रूपक कुमार ने पहले 15 हजार रुपये की मांग की थी, बाद में 12 हजार रुपये में बात तय हुई। रिश्वत की मांग से परेशान होकर उमेश कुमार महतो ने 24 मई को विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई और ऑडियो-वीडियो सहित अन्य साक्ष्य सौंपे।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने विशेष टीम गठित की। सोमवार को आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता को के.नगर अंचल कार्यालय बुलाया। पूर्व योजना के तहत शिकायतकर्ता 10 हजार रुपये लेकर पहुंचे, जबकि विजिलेंस की टीम सादे कपड़ों में पहले से मौजूद थी। जैसे ही आरोपी ने रुपये लेकर जेब में रखे, टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में पूरी राशि बरामद कर ली गई।
विजिलेंस के डीएसपी राजेंद्र प्रसाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह