काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से का पथ निर्माण मंत्री ने किया निरीक्षण, स्थायी समाधान के निर्देश

 


भागलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत काजीकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध के कटाव से प्रभावित और क्षतिग्रस्त हिस्से का रविवार को सूबे के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कटाव की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और बाढ़ व कटाव की समस्या के स्थायी निदान को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता, नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी और भूमि सुधार उप समाहर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

मंत्री ने क्षतिग्रस्त बांध का मुआयना करने के बाद अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे भविष्य की कार्ययोजना जल्द से जल्द तैयार करें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कटाव रोधी कार्यों को इस तरह अंजाम दिया जाए जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को इस गंभीर समस्या से मुक्ति मिल सके। स्थलीय निरीक्षण के बाद मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों से बात करते हुए पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि क्षेत्रवासियों के घरों, उनकी संपत्तियों और सामान्य जनजीवन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “हमारा निरंतर प्रयास है कि समय रहते सभी प्रभावी और तकनीकी उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस क्षेत्र के लोगों को जलजमाव, बाढ़ या बांध टूटने जैसी किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े।“ इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर