कहलगांव नप सशक्त स्थाई समिति के तीन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न
भागलपुर, 29 मई (हि.स.)। जिले के कहलगांव नगर पंचायत की सशक्त स्थाई समिति के तीन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चन्द्र गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुई।
वार्ड संख्या 15 के पार्षद सनोज कुमार चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि योगेन्द्र साहनी और सोनम कुमारी ने मतदान में जीत दर्ज की। बताया जा रहा है कि समिति के तीन पदों के लिए कई वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था। पहले पद के लिए वार्ड पार्षद अरबिंद सिंह और योगेन्द्र साहनी मैदान में थे। वहीं दूसरे पद के लिए सोनम कुमारी और रामकुमार पाठक ने नामांकन किया था। तीसरे पद के लिए सनोज कुमार चौधरी और रामकुमार पाठक ने पर्चा दाखिल किया था।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान रामकुमार पाठक का नामांकन अवैध घोषित कर दिया गया। इसके बाद तीसरे पद पर मुकाबला समाप्त हो गया और सनोज कुमार चौधरी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिये गये। पहले पद के लिए हुए मतदान में योगेन्द्र साहनी को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अरबिंद सिंह को 7 वोट मिले।
इस प्रकार योगेन्द्र साहनी ने 3 मतों से जीत दर्ज की। दूसरे पद के लिए हुए चुनाव में सोनम कुमारी को 11 मत प्राप्त हुए, जबकि रामकुमार पाठक को 6 वोट मिले। सोनम कुमारी ने 5 मतों के अंतर से जीत हासिल कर समिति में अपनी जगह बनाई। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चन्द्र गुप्ता की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करायी गयी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर