कटिहार में गैस आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएसओ

 


कटिहार, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य पूर्व देश में चल रहे विवाद के कारण जिले में गैस आपूर्ति को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कटिहार में गैस आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक है और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि कटिहार में मंगलवार को 11850 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और 681 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। सोमवार को 5436 गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है, और आज 7756 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति की स्थिति की निगरानी के लिए विशेष दल गठित किया है, जो गैस वितरकों की गतिविधियों पर नजर रखेगा और कालाबाजारी को रोकने के लिए कार्रवाई करेगा।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस वितरकों के यहाँ भीड़ न लगाएँ। जरूरतमन्द संस्थानों को निर्वाध आपूर्ति के लिए जिला स्तर से निर्देश दिए गए हैं।

डीएसओ ने बताया कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर - 06452-239025 और 239026 पर संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह