कटिहार में खाद दुकानों की होगी लगातार जांच, गड़बड़ी पर कार्रवाई तय :डीएम

 


कटिहार, 28 अप्रैल (हि.स.)। किसानों को सही दाम पर सही खाद मिले, इसके लिए कटिहार प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को समाहरणालय में हुई जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि 2025 के मुकाबले 2026 में यूरिया और डीएपी की खपत बढ़ी है। अब हर खाद दुकान की लगातार जांच होगी।

हर उर्वरक दुकान पर नजर

डीएम ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को आदेश दिया कि वे खुद और अपने उर्वरक निरीक्षकों के साथ मिलकर प्रखंड की हर खाद दुकान की जांच करें। जांच रिपोर्ट जिला कृषि पदाधिकारी को भेजें। अगर कहीं भी गड़बड़ी मिली तो उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत दुकान पर कड़ी कार्रवाई होगी।

सेब, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी उगाएं किसान

बैठक में डीएम ने जिला उद्यान पदाधिकारी को नया टास्क देते हुए कहा कि कलस्टर बनाकर किसानों का चयन करें। उन्हें सेब, ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी जैसी बागवानी फसलें उगाने के लिए तैयार करें। इससे किसानों की कमाई बढ़ेगी और गांव में ही रोजगार के नए मौके बनेंगे।

2026-27 का टारगेट: 100% पूरा करना है

डीएम ने कृषि और उससे जुड़े सभी विभागों के अफसरों को कहा कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में जो भी लक्ष्य मिले हैं, उन्हें हर हाल में 100% पूरा करना है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी समेत सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौजूद रहे। कृषि विभाग की योजनाओं और खाद-बीज की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह