ऐतिहासिक राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में 4 सितंबर को मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
सुपौल, 02 सितंबर (हि.स.)। शहर के हृदयस्थल में स्थित ऐतिहासिक श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव (जन्माष्टमी) 2026 श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर संचालन समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
बताया गया कि श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। पूर्वजों एवं पुरखों द्वारा यहां शिव मंदिर, श्री राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों का निर्माण कराया गया था। मंदिर के समीप शिवगंगा पोखर और बाहर से आने वाले राहगीरों के लिए आश्रय स्थल भी बनाया गया था। बाद के वर्षों में समाज के भामाशाहों, दानदाताओं और श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का लगातार विकास होता रहा।
ठाकुरबाड़ी परिसर में आठ देवी-देवताओं के प्रकोष्ठ हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व यहां श्री खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार भी स्थापित किया गया। वर्तमान में मंदिर का जो विकसित एवं आकर्षक स्वरूप दिखाई देता है, वह समाज के दानदाताओं तथा शहर के कर्मठ और सक्रिय लोगों के निरंतर सहयोग और परिश्रम का परिणाम है। मंदिर में सुपौल सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर की शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है। सुपौल आने वाले अतिथियों को भी स्थानीय लोग ठाकुरबाड़ी के दर्शन कराने को प्राथमिकता देते हैं। यहां आयोजित होने वाले झूलनोत्सव, बसंत महोत्सव और जन्माष्टमी प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इसी ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान संचालन समिति के प्रयास से मंदिर प्रांगण का व्यापक रिनोवेशन कार्य कराया गया है। हाल में आयोजित झूलनोत्सव 2026 को भी भव्य एवं आकर्षक रूप दिया गया। फूलों की आकर्षक सजावट, भक्ति जागरण, झांकी और बेहतर विधि-व्यवस्था के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन की श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने सराहना की।
झूलनोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को और भव्य बनाने की तैयारी चल रही है। संचालन समिति के सक्रिय सदस्यों ने इसे ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया है। समिति का कहना है कि आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं के बीच भक्ति, आस्था और धार्मिक भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
उक्त जानकारी श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी संचालन समिति के मीडिया प्रभारी पवन कुमार अग्रवाल ने दी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र