एकतरफा मुकाबले में भागलपुर ने जमुई को 134 रन से किया पराजित

 


भागलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बीसीए के तत्वावधान में आयोजित अंतरजिला क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत सैंडिस कंपाउंड में सोमवार को खेले गए लीग मुकाबले में भागलपुर ने एकतरफा मुकाबले में जमुई को 134 रन से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर की टीम ने 43.2 ओवर में 267 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन कुमार ने 59 रन की उपयोगी पारी खेली। सूर्य रघु वंश (37) और सचिन कपिलदेव (24) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में भानु देवेंद्र कुमार ने 36 गेंदों पर 53 रन (5 चौके, 4 छक्के) की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जमुई की ओर से गेंदबाजी में कमलेश कुमार सिंह (10-0-61-3) और बादल प्रदीप कुमार (10-0-68-3) ने तीन-तीन विकेट लिए। काव्या विजयप्रकाश वेद (7.2-0-32-2) और सुयश दीपक कुमार (5-0-33-2) ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं। 268 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम 32.4 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। शुभम सिंह ने 38 और सचिन कुमार भारद्वाज ने 31 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। भागलपुर की ओर से गेंदबाजी में भानु देवेंद्र कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 37 रन देकर 5 विकेट झटके। सचिन दिलीप कुमार (8.4-0-43-2), अंकुश जितेंद्र कुमार (5-1-18-1), सूर्य रघु वंश (4-0-14-1) और कुमार गौरव राज (4-0-16-1) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऑलराउंड प्रदर्शन (53 रन व 5 विकेट) के लिए भानु देवेंद्र कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद उन्होंने यह सम्मान “मामू” उर्फ सुबीर मुखर्जी के बड़े भाई के निधन पर उनकी स्मृति को समर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश और अमरिंदर पांडे मौजूद थे। स्कोरर की जिम्मेदारी अंकित अमृत राज और शिवम कुमार ने निभाई, जबकि ऑब्जर्वर के रूप में एधसीए लेवल-2 (बीसीसीआई) कोच संजय कुमार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर