उपाधीक्षक ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
सारण, 02 मई (हि.स.)। छपरा सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज उपाधीक्षक डॉ के एम दुबे ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपाधीक्षक ने ईएनटी, मेडिसिन और ओपीडी विभागों का दौरा किया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर तैनात रहें ताकि मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्होंने बेड की साफ-सफाई, चादरों की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता का फीडबैक लिया। कार्य में लापरवाही बरतने पर शुगर और बीपी वाइटल काउंटर के कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया गया।
अस्पताल परिसर में बिचौलियों की बढ़ती सक्रियता पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने कहा कि अस्पताल में दलालों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में अस्पताल स्थित पुलिस चेक पोस्ट को भी सतर्क रहने और इमरजेंसी सहित पूरे परिसर की निगरानी करने को कहा गया है।
उपाधीक्षक ने चेतावनी दी कि यदि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाई गई, तो संबंधित कर्मियों और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार