इंटर परीक्षा 2026 के टॉपर्स का सम्मान, लकी अंसारी बने राज्य में दूसरे स्थान पर
पूर्णिया, 24 मार्च (हि.स.)बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पूर्णिया समाहरणालय में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने राज्य और जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया।
कला संकाय में मो. लकी अंसारी ने पूरे बिहार में दूसरा स्थान हासिल कर पूर्णिया का नाम रोशन किया। वे जिले में भी प्रथम स्थान पर रहे। इस उपलब्धि पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।इसके अलावा तीनों संकायों के जिला टॉपर्स को भी सम्मानित किया गया।
कला संकाय में लकी अंसारी प्रथम, तन्नू कुमारी एवं अबुजर द्वितीय, जबकि मो. अरमान तृतीय स्थान पर रहे।
वाणिज्य संकाय में रोहित कुमार सुराणा प्रथम, श्रेया राज द्वितीय तथा रिया सिंह और देवांशु कुमार सत्यम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
विज्ञान संकाय में यश राज प्रथम, काज़ी निसार अहमद द्वितीय तथा शिवशक्ति कुमार एवं मो. इकबाल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की लिखी पुस्तकें भेंट कर उन्हें उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने की सलाह दी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी रवींद्र कुमार प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान पाकर छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि इस सम्मान से उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह