आदापुर थानाध्यक्ष पप्पू पासवान निलंबित, पूजा कुमारी को मिली कमान
पूर्वी चंपारण,11 अप्रैल (हि.स.)।निगरानी विभाग की टीम के द्वारा प्राइवेट थाना मुंशी इंतकाब आलम को गिरफ्तार किये जाने के बाद इस मामले में आदापुर के थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पासवान को निलंबित कर दिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल की जांच रिपोर्ट के आधार पर पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पप्पू कुमार पासवान को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं चंपारण प्रक्षेत्र के डीआईजी हरकिशोर राय के अनुमोदन के बाद पचपकड़ी थाना की थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को आदापुर थाना के थानाध्यक्ष पद पर पदस्थापित किया गया है। पुलिस सूत्रों की माने तो प्राइवेट मुंशी से थाना का काम लेने के साथ-साथ रिश्वत वसूली में नाम आने पर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार