आजमनगर में जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

 


कटिहार, 06 अगस्त (हि.स.)। आजमनगर फुटबॉल स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में स्थानीय सद्भावना मैदान में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस आयोजन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

उद्घाटन समारोह के पश्चात जिलाधिकारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आपसी सद्भावना और टीम भावना का भी बड़ा प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच देने के लिए आजमनगर फुटबॉल स्पोर्ट्स क्लब का यह प्रयास सराहनीय है।

डीएम ने युवाओं को खेल को पूरी खेल भावना से खेलने और एक स्वस्थ व नशा मुक्त जीवन अपनाने का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान से ही आगे चलकर देश और दुनिया में नाम रोशन करने वाली प्रतिभाएं निकलती हैं, और जिला प्रशासन की ओर से खेल व खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाएगा।

प्रतियोगिता के पहले मैच को देखने के लिए सद्भावना मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। क्लब के सचिव ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि उनके मार्गदर्शन में ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य पूरी निष्ठा से किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आजमनगर, अंचलाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, क्लब के अध्यक्ष व सचिव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह