अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
भागलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के टॉउन हॉल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और महापौर डॉ. वसुंधरा लाल सहित कई पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर भी चर्चा की गई।
डीएसपी प्रेरणा सिंह ने कही कि आज के समय में महिलाओं की भूमिका हर क्षेत्र में मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के साथ-साथ बिहार की महिलाएं भी तेजी से आत्मनिर्भर बन रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में भी बिहार की बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं और जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं। कार्यक्रम में कई अधिकारी, महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर