ब्रह्मपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, तालाब से मिला शव

 

बक्सर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। ब्रह्मपुर नगर पंचायत में नवविवाहिता नेहा कुमारी (20)की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित शिव सरोवर से उनका शव बरामद किया गया।

नेहा, द्वारिका राम की पुत्री थीं और उनकी शादी 12 फरवरी को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गांव में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद वह बुधवार को ससुराल से मायके ब्रह्मपुर आई थीं। देर रात वह अचानक घर से लापता हो गईं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला।

गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर के पास तालाब में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। थाना अध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा