चार सूत्री मांगों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, लक्ष्मण झा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.)। जनहित से जुड़ी चार सूत्री मांगों को लेकर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में सुपौल समाहरणालय स्थित कलेक्ट्रेट गेट के सामने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राज्य सरकार एवं सरकारी तंत्र में बैठे अधिकारियों-पदाधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि यदि सरकार समय रहते इन मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और ऐतिहासिक जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान गिरफ्तारी हो या मुकदमा दर्ज किया जाए, लेकिन जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े आंदोलन की जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं संबंधित अधिकारी-पदाधिकारियों की होगी।
भूमिहीनों को जल्द मिले जमीन का पर्चा
उन्होंने सुपौल सदर प्रखंड की एकमा पंचायत सहित जिले की सभी पंचायतों में भूमिहीन एवं बेघर परिवारों को जल्द सरकारी जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर कुछ भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया गया, लेकिन कई पात्र एवं जरूरतमंद परिवार अभी भी अपने अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तव में भूमिहीन एवं बेघर परिवारों को बिना किसी भेदभाव के शीघ्र जमीन का पर्चा देने की मांग की।
लक्ष्मण झा ने राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को रोजगार के लिए घोषित ₹2 लाख तक की सहायता राशि का भुगतान जल्द शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार की घोषणा को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि पात्र महिलाओं को इसका लाभ वास्तविक रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने बढ़ती महंगाई को देखते हुए वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹3,000 से ₹4,000 प्रतिमाह करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे बुजुर्गों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आर्थिक सहारा मिलेगा और वे सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
प्रदर्शन के दौरान सदर प्रखंड की बरूआरी, परसरमा-परसौनी, गोठ बरूआरी, बलहा, बेरो एवं एकमा पंचायत सहित विभिन्न क्षेत्रों की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया।
उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की जा चुकी है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी चारों मांगें किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि भूमिहीन परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों, विधवा एवं दिव्यांगजनों तथा ग्रामीण क्षेत्र की आम जनता के हित से संबंधित हैं। उन्होंने सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से समय रहते मांगों का समाधान करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र